पूरी हिम्मत तो नहीं लेकिन काम चलाऊ हिम्मत जुटा ही ली थी कि तुमको पत्र दे सकूं. मगर ना जानें पांव आगे बढ़ने को तैयार ही नही हुए. हाथ कॉपी में रखे पत्र को निकाल तुमको देने को राजी ही न हुए. शायद ये पत्र इसी कॉपी में ज्यादा ठीक लग रहा है ! पता नही तुम्हारे हाथों में पहुंचकर इसकी क्या दुर्दशा हो? शब्द तो बेचारे नवजात हैं, ऊपर से मेरी भावनाओं के शब्द हैं तो अभी और भी कच्चे और कमजोर हैं ; जो तुम्हारे मसलने -चीरने पर तुम्हे दबा नही सकते हैं .
विद्रोही भाव तो नही लेकिन समझौता कर लेने का भाव कूट-कूट कर भरा है. शब्दों मुझमें दोनो में ही. क्यों न हो आखिर शब्द किसके हैं. ऐसा न होता तो क्या आज यहां होता !
खैर पढ़ लिया करुंगा खुदसे ही; उन गहरी काली आँखो की छवि जब-तब आँखों में झलकने पर. गढ़ लिया करुंगा कुछ और ख्वाब उसी छवि के इर्द-गिर्द. दिला दिया करुंगा खुदको थोड़ा और भावनात्मक खुशी; जो उस ना से तो बेहतर ही होगी, जो शायद तुम्हारे द्वारा कही जायेगी मेरी फीलिंग्स तुम तक बयां करने पर.
ना देने का कारण तो शायद कुछ नही है, लेकिन फिर हजार कारण हैं. किस- किस को लिखूं, क्यों ही लिखूं ? एक और शुरुआत अंत के करीब है, शायद. शायद नही शत प्रतिशत ही है ! क्योंकी तुम पहल कर दो ऐसा हो नहीं सकता. मैं भी शायद फिर से किसी की दया का प्यार नही पाना चाहता. मैं फिर से बेमेल साथी नही चाहता; जो फिर से शकल-सूरत, कपड़े-लत्ते , चाल-ढाल ,रोने-धोने, चिंता-फिकिर के खातिर छोड़ कर चला जाए.
No comments:
Post a Comment