आवागमन जारी है. दिल्ली और घर के बीच. हर गमन में छूट जाता है, एक कोना खाली. कपड़ों-जूतों की अलमारी. पढ़ने की मेज. टूथब्रश का स्टैंड. लगभग हर एक कोना, एक जगह का खाली होता है, तो दूसरी जगह का भर जाता है.
इस भरने-खाली होने के क्रम में सबसे ज्यादा कोई प्रभावित होता है, तो वो हैं 'मेरी माता'. क्योंकि, मेरे गमन पर खाली हुआ हर कोना अगर किसी को सबसे ज्यादा अकेलापन महसूस कराता है, तो वो 'मेरी माता' ही हैं.
हर बार की तरह, आज भी लगभग हर जरूरत का सामान उन्होंने जुटा दिया था. हर सीख समझाइश दे दी.
सुबह यह खाते रहना. शाम को ये. खाने में आलस मत करना. टिफिन लगवा लेना या खाना बनाने वालीं दीदी को बुलवा लेना. खुद मत बनाना. खूब पढ़ना. टाइम से सो जाया करना.
भैया से झगड़ा मत करना. हाँ हाँ, मालूम है, तुम दोनों ही नहीं करते हो. लेकिन, गुस्सा आने पर या बहस होने पर शांत हो जाया करो. जगह छोड दिया करो. लड़ाई-झगड़े में कुछ नहीं मिलता, चाहे छोटी हो या बड़ी.
इस तरह की हर नसीहत दे दी, जिसकी जिम्मेदारी कभी दादी अम्मा की हुआ करती थी. वो अब उनपर आ गई है, दादी अम्मा के बाद. इसे वो बखूबी निभा भी रहीं हैं. मगर पेट पीठ में घुसा जा रहा है. मैं इस बात से अब कुढ़ने लगा हूँ. खैर...
द्वार पर खड़ी मां. यही आखिरी झलक होती है, जिसे लेकर दिल्ली आ आता हूं. पीछे छूट जाती है, तो वो 'मेरी माता' ही हैं.
No comments:
Post a Comment