खाली खाली
फचफचाती छिटकवाती
सड़क को देख
बारिश रुकने का इन्तजार
किसी के आने रुकने
मिलाके नजरें
साथ साथ चलने को
कहने का इन्तजार
ठंडी हवाओं से घिरी
छतरी के नीचे
ठंडी ठंडी बाजुओं के
रगड़ने का इन्तजार
थोड़ा छाता वाता
हटाने सटाने
छुड़ाने घुमाने
भिगाने सताने का इन्तजार
बीच रोड के पानी में
छपछपाते उछलते
उजले नरम नरम
पांवों को निहारने का इंतज़ार
लहराती तेज तर्रार
मोटर देख
तुम्हे फुटपाथ किनारे कर
खुद भीगने का इंतज़ार
रुककर थोड़ी
और गरमाहट पाने खातिर
छज्जे की आड़ में
चाय सुड़सुड़ाने का इंतजार
नजरें चुराकर
थोड़ा उलझाकर
थोड़ा बहाना बनाकर
चाय के कुल्हड़ बदलने का इंतजार
बारिश के बहाने
एक और चाय
एक और ख्वाब
एक और एहसास
के संग संग निहारने का इंतजार
No comments:
Post a Comment