शायद कहीं खो गया हूँ !

 शायद कहीं खो गया हूँ

कौन ? 

मैं या मेरा मन 

या फिर कुछ और

या वो सब कुछ जो मैं था;

क्या खोया नहीं मालुम ?

किधर और कैसे ;

ये भी नहीं मालुम ?

बस कुछ खोया है

कुछ तो था जो अब नहीं ।

खोया भी है या बस...

नहीं मालुम ।

मगर कुछ तो हुआ है,

जो इतना अधूरापन इतना खालीपन है।

कुछ तो है जो रोज 

खोने का एहसास कराता हैं।

कुछ तो है 

जो पता नहीं कहाँ खोकर ले जाता है;

इतना खो जाता कि

अपने को ढूँढ ही नहीं पाता।

पता नहीं कहाँ चला जाता हूँ

अतीत की कश्ती से

और आने वाले कल की बस्ती में

और फिर विचरण करता हुआ

उस कश्ती से उस बस्ती में

पता नहीं कहाँ कहाँ गुम हो जाता हूँ

कौन मिलता है कौन मिलेगा 

न जाने किस किस में खो जाता हूँ।

क्या है कौन है जो

मुझे इतना गुमा देता है

और मैं चाहकर भी बिना खोए 

नहीं रह पाता ।

पता नहीं कहाँ खो जाता हूँ?

कैसे लौटता हूँ नहीं मालूम

कभी कभी अधमरा अधखिला बेजान सा तो

कभी हँसता मुस्कराता गाता नाचता 

मिलता हूँ खुद से ।


No comments:

Post a Comment