राखी का तोहफा

  खुशी हो रही है इस किताब को देकर ! हां आज नही कहूंगा कि शब्द नही है, दरअसल आज बहुत कुछ है लिखने बोलने को । विशेषता तुम्हारे ऊपर लिखने बोलने की बात हो तो कलम हो या उंगलियां रुकती ही नहीं है । खैर आज समय का अभाव है तो अपनी बात को कम शब्दों में ही खत्म करने का प्रयास करूंगा ।


             मैं किसी को कुछ दे सकूं ऐसा शायद मेरे पास अभी कुछ भी नही है। और देने के लिए सामने तुम जैसा इन्सान हो तो ये दुविधा और भी बढ़ जाती है । खैर खूब सोचने विचारने के बाद मैला आंचल की पुस्तक तुमको भेंट स्वरूप दे रहा हूं । कृपया मेरी भेंट स्वीकार करें ।



             उम्मीद करता हूं इस पुस्तक को उतनी ही गर्मजोशी के साथ पढ़ोगी जितना मुझे राखी बांधने के दौरान महसूस कर रही होगी । कागज़ादो की माने तो हम भाइयों की कोई बहन नही है मगर कागजी बातों से क्या लेना देना । रोज ही ना जानें देश दुनिया में कितनी कागजी कार्यवाहियां होती रहती है मगर कोन ही सुनता है, अगर सुनता तो आज देश ना जानें किस मोड़ पर होता। खैर मैं भी क्या कुछ भी लिखने बोलने लग जाता हुं, खुद पर नियंत्रण ही नहीं होता है ठीक बिल्कुल वैसे ही जैसे घर के किसी मेम्बर के साथ बतियाते टाइम होता है।


            इस पुस्तक को देने के कई रीज़न हैं सबको इस छोटे से पत्र में लिख सकूं इतना समय, स्पेस और साहस नहीं । क्योंकि बात जब उपन्यासकार फणीश्वर नाथ रेणू की हो और उसमे भी उनके उपन्यास मैला आंचल की हो तो फिर तो ये समस्या और भी विकराल रूप ले लेती है। मगर फ़िर भी मैं कुछ लिखने की नाकाम सी कोशिश करूंगा । 


           सबसे पहले तो मैं चाहता हूं की इसको पढ़कर हिंदी के उस रूप को भी जानो जो सो कॉल्ड एलीट क्लास को गवारों की बोली लगती है। मैं चाहता हूं आँचलिक हिंदी को भी अंग्रेजी पट्टी के लोग स्वीकार करें।

           

          दूसरी खास बात ये की हम जैसी हिंदी पट्टी की पीढ़ी के कंधो पर विशेष तौर पर ये जिम्मेदारी है कि अपनी हिंदी को जिंदा बनाए रखा जाए, ना कि केवल अपने बीच बल्कि अपनी आने बाली नस्लों के लिए भी । तो उम्मीद करता हुं कि इस अंगरेजियत की भीड़ में हिंदी का साथ नहीं छोड़ोगी ।

          

          तीसरी बात ये है कि आज पॉप सॉन्ग,हिप हॉप, रैप और ना जानें कित्ते तरह तरह के सॉन्ग्स का बोलबाला है और इस बोलबाले में लोक गीतों का महत्व निरंतर कम होता जा रहा है । इधर यूट्यूब पर भी अक्सर गानों की क्वालिटी को लेकर धमाचौकड़ी होती रहती है । तो मै ये भी चाहता हूं की हिन्दी पट्टी के गांवों की लोकगायकी को करीब से तुम निहार सको उसको थोड़ा और महसूस कर सको।


         चौथी बात कोई एक बात नही है जिसे कह सकूं बल्कि ये अपने आप में पूरा पत्र भरने का स्थान रखता है । सच बात ये है कि साहित्य की ये पुस्तक आपको कुछ आर्थिक लाभ तो शायद नही दे सकती है । मगर हां इतना पक्का है कि इसको पढ़ने के बाद मानवता, सहानुभूति , ग्रामीण जीवन, व्यवहारिक जीवन, गरम गरम आजादी और उसकी आँच में झुलसे लोगों की कथा व्यथा, प्रेम, राजनीति, दास प्रथा, यौन शोषण और भी अनेकों प्रसंगों से रूबरू हो जाओगी ।


       उम्मीद करता हूं उपन्यास पसंद आयेगा । मुझे अगली राखी का इंतजार होगा, राखी बंधवाने से ज्यादा तुमको एक ओर पुस्तक भेंट करने का ; एक कदम और हिन्दी के करीब ले जानें का ; थोड़ा और मानवीय बनाने का । 



    " बातूनी ईशु "

No comments:

Post a Comment