शहर शब्द आते ही तमाम तरह की सुविधाओं के साथ-साथ समस्याओं का ढ़ेर सा दिखाई देने लगता है. हर तरह का आदमी, अपनी एक खास समस्या से जूझता दिख जाता है. आजकल इन समस्याओं में अकेलेपन की समस्या आम होती जा रही है. भीड़ में अकेलापन जैसी लाईन अक्सर सुनता-पढ़ता आया हूं. लेकिन जब-तब राह चलते, उठते- बैठते, खाते- पीते इस तरह की तस्वीरें भी दिखाई पड़ जातीं हैं जिनमे अक्सर एक झुंड होता है. जिसके सदस्य नाम के लिए नहीं काम के लिए भी नहीं, बल्कि वे साथ होते हैं अपनेपन के लिए.
हो सकता है कि ये अपनापन दिखावटी हो. हो भी सकता है नहीं भी हो सकता है. हो सकता है कि नाम या काम के खातिर ही साथ हों. मगर पहली नजर में तो ये सब 'हम साथ-साथ हैं ' टाइप फिलिंग देते हैं. तस्वीर में दिख रहे साथियों को लेकर मेरा भी ऐसा ही मानना था कि सब साथ हैं. और खुद को अकेला देखकर साथ-साथ साथ चलने वालों की तस्वीर लेना अपने सुकून के लिए जरूरी समझा.
इस जरूरत को एक कदम और आगे ले जाते हुए दो-चार- दस लाइनें लिखना भी जरूरी समझा. लिखते- लिखते बहुत हो गया सोचकर लिखना बंद करना भी जरूरी समझा. मगर वाक्य पूरा करने के चक्कर मे थोड़ा और लिखने की इच्छा को भी पूरा करना जरूरी समझा. वैसे साथ तो ये भी है, मेरी लेखनी. मैं और मेरी लेखनी, हम साथ साथ हैं...
खैर...

No comments:
Post a Comment